Jharkhand News: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया 20 जून से शुरू होने जा रही है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गुरुवार को रांची स्थित निर्वाचन सदन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे और नए मतदाताओं के आवेदन, दावे एवं आपत्तियां भी संकलित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि 20 जून से 29 जून तक तैयारी, प्रशिक्षण और आवश्यक मुद्रण कार्य किए जाएंगे। इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन करने और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।
निर्वाचन विभाग के अनुसार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त को किया जाएगा। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण और नोटिस प्रक्रिया 3 अक्टूबर तक पूरी की जाएगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर को किया जाएगा। इस पुनरीक्षण अभियान के लिए एक अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता का नाम बिना उचित सुनवाई के मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें और सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करें।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन मतदाताओं से बीएलओ का संपर्क नहीं हो पाएगा, उनके लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रह जाए। निर्वाचन विभाग इस अभियान को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित करेगा।
इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर और अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।


