Jharkhand News: रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले के मामले में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। मामले में गिरफ्तार आरोपी सैफ गुरुवार को पुलिस हिरासत से फरार हो गया, लेकिन कुछ घंटों बाद मांडर टोल प्लाजा के पास पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल अवस्था में दोबारा पकड़ लिया गया। फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, सैफ को पूछताछ के लिए कोतवाली थाना में रखा गया था। गुरुवार दोपहर उसने बाथरूम जाने की अनुमति मांगी। आरोप है कि उसने बाथरूम का नल खोलकर पुलिसकर्मियों को भ्रमित किया और खिड़की के रास्ते बाहर निकलकर फरार हो गया। आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही रांची पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में कई पुलिस टीमों को उसकी तलाश में लगाया गया।
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को मांडर टोल प्लाजा के समीप आरोपी की लोकेशन मिली। इसके बाद इलाके की घेराबंदी की गई। पुलिस का दावा है कि पकड़ने की कोशिश के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों का हथियार छीनने और फायरिंग करने का प्रयास किया। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
रांची नई दिल्ली झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस से रांची से दिल्ली की ओर भाग रहे थे
हमले के मामले में फरार दोनों आरोपी अमन और सैफ बुधवार को रांची नई दिल्ली झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस से रांची से दिल्ली की ओर भाग रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची, बोकारो और कोडरमा पुलिस ने समन्वित कार्रवाई करते हुए बिहार के रफीगंज में ट्रेन में ही गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद दोनों युवकों को रफीगंज से उतारकर रांची ले जाया गया था । पकड़े गए दोनों झारखंड के लोहरदगा के रहनेवाले बताए गए है।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि आरएसएस कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले के मामले में अब तक तीन आरोपियों अमन अंसारी, सैफ और सयान खान को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार अमन अंसारी हाल ही में दुबई से भारत लौटा था और उसके कुछ संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में यह संकेत मिले हैं कि हमले के पीछे बाहरी तत्वों की भूमिका हो सकती है। हालांकि किसी विदेशी एजेंसी या संगठन की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। जांच एजेंसियां सभी पहलुओं पर गंभीरता से पड़ताल कर रही हैं और डिजिटल साक्ष्यों समेत अन्य सबूतों को खंगाला जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई उपलब्ध साक्ष्यों एवं पूछताछ से प्राप्त तथ्यों के आधार पर की जाएगी। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं और पूरे मामले पर करीबी नजर रखी जा रही है।


