Madhubani News: जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में सोमवार देर रात एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) की कथित फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। गोलीबारी में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। फरार आरोपी ASI की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पांच विशेष टीमों का गठन किया है। वहीं, उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है।
मृतकों की पहचान अशोक यादव (45) और फूलो देवी (40) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अशोक यादव को सीने और जांघ में गोली लगी थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, फूलो देवी के पेट में गोली लगी थी। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।इस गोलीबारी में विजेंद्र यादव (45) के गले और धनिकलाल यादव के पैर में भी गोली लगी है। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पकड़े जाने के डर से की फायरिंग
पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने मंगलवार को घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सोमवार देर रात करीब एक बजे पुलिस को बलिराजगढ़ गांव में गोलीबारी की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ASI पुलिस पिकेट में तैनात था और उसका गांव की एक महिला से कथित अवैध संबंध था। इसी वजह से उसका गांव में आना-जाना था। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात भी वह गांव पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने उसे देख लिया और घर के अंदर बंद कर दिया। खुद को घिरा हुआ देखकर आरोपी ने कमरे के अंदर से तीन से चार राउंड गोलियां चला दीं। इस घटना में चार ग्रामीण गोली लगने से घायल हो गए।
पांच पुलिस टीमों को सौंपी गई गिरफ्तारी की जिम्मेदारी
गोलीबारी की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपी ASI को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उसे सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई शुरू करने की बात कही है।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष पुलिस टीमें बनाई गई हैं। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। एसपी ने आरोपी के संबंध में विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। गांव में तनाव को देखते हुए प्रशासन की ओर से सतर्कता बरती जा रही है।


