Muzaffarpur News: दीपावली से पहले बिहार में शराब तस्करों के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मुजफ्फरपुर जिले के बेला थाना क्षेत्र स्थित नारायणपुर इंडस्ट्रीज एरिया फेज-2 में छापेमारी कर उत्पाद विभाग की टीम ने पंजाब नंबर के एक ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। मौके से ट्रक चालक को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम अब इस तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बेला थाना क्षेत्र के नारायणपुर इंडस्ट्रीज एरिया फेज-2 में पंजाब नंबर का एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है। सूचना में बताया गया था कि ट्रक के अंदर भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलते ही उत्पाद इंस्पेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसआई नीरज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया।

इसके बाद गठित टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध ट्रक की तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक के अंदर से विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। इसके बाद टीम ने तत्काल ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
पंजाब से शराब लेकर पहुंचा था चालक
गिरफ्तार ट्रक चालक की पहचान पंजाब राज्य के फतेहगढ़ साहिब निवासी मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि वह शराब की खेप पंजाब से लेकर मुजफ्फरपुर पहुंचा था। यहां शराब को अलग-अलग स्थानों पर अनलोड किया जाना था। हालांकि, तस्करों की योजना पूरी होने से पहले ही उत्पाद विभाग की टीम ने ट्रक को पकड़ लिया।
स्थानीय तस्करों की तलाश में जुटा विभाग
मामले को लेकर उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नारायणपुर इंडस्ट्रीज एरिया फेज-2 में कार्रवाई की गई। पंजाब नंबर के ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई है। फिलहाल बरामद शराब का मिलान और उसकी मात्रा का सत्यापन कराया जा रहा है। गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर स्थानीय शराब तस्करों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
दीपावली जैसे बड़े त्योहार से पहले इतनी बड़ी खेप की बरामदगी को उत्पाद विभाग की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की खेप किसके लिए मंगाई गई थी और मुजफ्फरपुर में इसके वितरण की जिम्मेदारी किन लोगों को सौंपी गई थी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


