पलामू, 16 अगस्त (हि.स.)। मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव में शनिवार रात एक गर्भवती महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके पति रंजीत सिंह पर है। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया।
मृतका की पहचान काजल देवी के रूप में हुई है। सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी पति को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय आरोपी रंजीत सिंह शराब के नशे में था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शनिवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान रंजीत ने कथित तौर पर काजल का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भागने की तैयारी में था। इसी बीच पुलिस को घटना की सूचना मिली और सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी तथा सहायक अवर निरीक्षक नबी अंसारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी को वहीं गिरफ्तार कर लिया।
परिजनों के अनुसार, रंजीत और काजल दोनों दिव्यांग थे। इसी वर्ष दोनों की शादी हुई थी। काजल का मायका लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बोहिता गांव में है। बताया गया कि करीब 15 दिन पहले ही काजल ससुराल आई थी। परिजनों का कहना है कि काजल ससुराल आने के लिए तैयार नहीं थी।
परिजनों के मुताबिक, काजल ने पहले भी अपने परिवार वालों को बताया था कि उसका पति शराब के नशे में उसके साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार करता था। शनिवार को घटना से कुछ घंटे पहले दोपहर में भी रंजीत ने कथित तौर पर काजल के साथ मारपीट की और उसे कमरे में बंद कर दिया था। इस दौरान काजल ने अपने मायके वालों को फोन कर घटना की जानकारी दी थी।
बताया जा रहा है कि परिवार वालों ने उस समय मामले को गंभीरता से नहीं लिया और काजल को ससुराल में ही रहने दिया। इसके बाद शनिवार रात उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में भी चर्चा का माहौल है।
पुलिस अब हत्या की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच विवाद का वास्तविक कारण क्या था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


