Chapra News: जिले के एकमा थाना क्षेत्र के परसागढ़ गांव में शनिवार देर रात हुई चाकूबाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। किसी विवाद के बाद शुरू हुए खूनी संघर्ष में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें तीन लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चौथे घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। घटना के बाद परसागढ़ और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है।
मृतकों की पहचान छपरा शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के काशी बाजार निवासी अंकुर पटेल उर्फ धोनी, एकमा थाना क्षेत्र के जिरतपुर पचुआ निवासी ध्रुप यादव के पुत्र मुकेश कुमार और विजय यादव के पुत्र रमेश यादव के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान विनोद कुमार के पुत्र विवेक कुमार के रूप में बताई गई है।

मामा के घर आया था अंकुर, विवाद के बाद चलीं छुरियां
जानकारी के अनुसार अंकुर पटेल उर्फ धोनी अपने मामा के घर परसागढ़ आया हुआ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई और चाकूबाजी शुरू हो गई। हमले में कई लोग घायल हो गए। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए एकमा स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
घटना को लेकर यह बात भी सामने आई है कि अस्पताल परिसर में दोबारा विवाद और चाकूबाजी हुई। हालांकि, पुलिस की ओर से अस्पताल में कथित दूसरी चाकूबाजी के पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक तौर पर विस्तृत पुष्टि नहीं की गई है।
एकमा में एक, सदर अस्पताल में दो की मौत
गंभीर रूप से घायल अंकुर पटेल उर्फ धोनी की एकमा के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं मुकेश कुमार और रमेश यादव को गंभीर हालत में छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। विवेक कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पटना रेफर कर दिया।
आपसी रंजिश की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने के बाद एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस वजह से हुई, चाकूबाजी में कौन-कौन शामिल थे और अस्पताल परिसर में वास्तव में क्या हुआ।
सदर एसडीपीओ-2 के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण और घटना में शामिल लोगों की भूमिका विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। तीन लोगों की मौत के बाद पुलिस संभावित आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है।


