5 दिसंबर तक पूरा होगा स्लैब ढलाई का काम, लोड टेस्टिंग के बाद पुल पर शुरू होगा परिचालन; भागलपुर और सीमांचल के लाखों लोगों को मिलेगी राहत
Bhagalpur News: अंग क्षेत्र को कोसी और सीमांचल से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण विक्रमशिला सेतु के जीर्णोद्धार कार्य ने अब निर्णायक चरण में प्रवेश कर लिया है। पुल के क्षतिग्रस्त हिस्सों पर अंतिम स्टील गर्डर लॉन्चिंग का काम सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही अब स्लैब ढलाई का काम भी युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।

निर्माण एजेंसी और प्रशासन का लक्ष्य मकर संक्रांति यानी 14 जनवरी तक पुल को भारी वाहनों के परिचालन के लिए खोलने का है। यदि निर्धारित समय पर सभी तकनीकी कार्य पूरे हो जाते हैं तो भागलपुर, नवगछिया और सीमांचल के लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
मई में गंगा में समा गया था पुल का स्लैब
गौरतलब है कि इस वर्ष 3 और 4 मई की दरमियानी रात विक्रमशिला सेतु के पाया संख्या 133 के पास पुल का एक बड़ा स्लैब टूटकर गंगा नदी में गिर गया था। इसके बाद छोटे वाहनों के आवागमन के लिए अस्थायी बेली ब्रिज तैयार किया गया था। हालांकि, स्थायी मरम्मत और पुनर्स्थापन कार्य को लेकर 30 सितंबर की रात से पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया।
तीन अन्य क्षतिग्रस्त स्लैब भी बदले गए
निर्माण कार्य में जुटी एसपी सिंगला कंपनी की टीम ने देश के विभिन्न हिस्सों से बुलाए गए विशेषज्ञों की निगरानी में क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत की है। टूटे हुए मुख्य हिस्से के अलावा तीन अन्य क्षतिग्रस्त स्लैब को काटकर वहां स्टील ट्रस गर्डर स्थापित किए गए हैं। अंतिम गर्डर की लॉन्चिंग पूरी होने के बाद अब स्लैब ढलाई का काम तेजी से कराया जा रहा है।
लोड टेस्टिंग के बाद मिलेगी परिचालन की अनुमति
तकनीकी टीम के मुताबिक, 15 दिसंबर तक स्लैब ढलाई का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद कंक्रीट की मजबूती के लिए निर्धारित समय तक क्यूरिंग यानी तराई की जाएगी। फिर पुल की भार सहने की क्षमता जांचने के लिए लोड टेस्टिंग होगी।
इसके अलावा पुल पर अतिरिक्त भार कम करने के उद्देश्य से पुरानी रेलिंग और फुटपाथ को भी बदला जा रहा है। वहीं, खराब हो चुके एक्सपेंशन जॉइंट्स की मरम्मत भी की जा रही है।
लाखों लोगों को मिलेगी आवागमन में राहत
विक्रमशिला सेतु के जनवरी में दोबारा चालू होने की उम्मीद से भागलपुर, नवगछिया और सीमांचल के लोगों में राहत की उम्मीद जगी है। फिलहाल पुल बंद रहने के कारण लोगों को मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु या नावों के सहारे लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। भारी वाहनों का परिचालन शुरू होने से व्यापार, परिवहन और आम लोगों की आवाजाही को भी राहत मिलने की संभावना है।


