नाव से गंगा पार कर लाई गई थी शराब की खेप, पुलिस की घेराबंदी देख तस्करों ने नदी में फेंके हथियार; नाव चालक फरार
Bhagalpur News: राज्य में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर अवैध कारोबार के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। सड़क मार्ग पर पुलिस की सख्ती से बचने के लिए अब तस्कर गंगा नदी के जलमार्ग का सहारा ले रहे हैं। सोमवार तड़के सबौर थाना पुलिस ने इंग्लिश गांव स्थित काली स्थान के समीप गंगा किनारे छापेमारी कर शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया। पुलिस ने मौके से 948 बोतल विदेशी शराब बरामद की, जिसकी कुल मात्रा 288.9 लीटर बताई गई है। इस दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब चार बजे पुलिस को गंगा किनारे शराब की खेप उतारे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद सबौर थाना की टीम ने इंग्लिश गांव स्थित काली स्थान के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद तस्करों में अफरा-तफरी मच गई। पकड़े जाने के डर से कुछ तस्करों ने अपने पास मौजूद हथियार गंगा नदी में फेंक दिए। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर नाव चालक नाव सहित फरार होने में सफल रहा।
पुलिस ने मौके से शराब की 948 बोतलों के अलावा चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
गंगा पार से नाव के जरिए आती थी शराब की खेप
सबौर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपित इंग्लिश गांव के रहने वाले हैं। उनकी पहचान सुमीत कुमार, सुनील कुमार और मनोज कुमार के रूप में हुई है। इनके साथ एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपित पेशेवर शराब तस्कर हैं। ये लोग गंगा के दूसरी ओर से नाव के माध्यम से शराब की खेप मंगवाते थे। इसके बाद इंग्लिश गांव के गंगा किनारे शराब उतारकर स्थानीय स्तर पर इसकी आपूर्ति करते थे।
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश तेज
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप गंगा के किस इलाके से लाई गई थी और इसे किन-किन स्थानों पर पहुंचाया जाना था। फरार नाव चालक और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस जब्त मोबाइल फोन के जरिए तस्करों के संपर्कों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।


