बादलपाड़ा-कल्याणपुर में ग्रामसभा के दौरान शुरू हुआ विरोध हिंसक हुआ, दो जवानों की हालत गंभीर; एक का पैर टूटा, कई अस्पताल रेफर
Dumka News: जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर में प्रस्तावित कोल ब्लॉक के सर्वे और बोरिंग को लेकर ग्रामीणों तथा पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। रविवार को ग्रामसभा के दौरान शुरू हुआ विरोध देर रात तक जारी रहा। इस दौरान पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया, जिसमें 12 जवान घायल हो गए। घायलों में दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। एक जवान का पैर टूट गया है, जबकि कई पुलिसकर्मियों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, बादलपाड़ा-कल्याणपुर में प्रस्तावित कोल ब्लॉक के सर्वे और बोरिंग को लेकर रविवार को ग्रामसभा आयोजित की गई थी। इसमें कोल कंपनी के अधिकारी भी शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने प्रस्तावित कोयला खदान का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते ग्रामसभा में हंगामा होने लगा। इसी बीच कंपनी के अधिकारियों को ग्रामीणों द्वारा बंधक बनाए जाने की सूचना पुलिस और प्रशासन को मिली।
सूचना मिलने पर शिकारीपाड़ा थाना की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया, लेकिन विरोध जारी रहा। हालात बिगड़ने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई। इसके बाद रात करीब 11 बजे दुमका के विजयपुर स्थित पुलिस केंद्र से रैप के तीन दर्जन से अधिक महिला और पुरुष जवानों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
अंधेरे में पुलिसकर्मियों पर हुआ पथराव
अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने के बाद भी इलाके में तनाव कम नहीं हुआ। इसी दौरान रात के अंधेरे में अचानक पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू हो गया। हमले में कुल 12 जवान घायल हो गए। घायलों में शिकारीपाड़ा थाना के एएसआई सोमाय किस्कू के अलावा फूल कुमार यादव, आनंद मुर्मू, चार्लेस मुर्मू, सनोज मरांडी, सुजीत सोरेन, अनिल दास, शिवजी यादव, श्याम सुंदर साह, अल्बर्ट एक्का, दीप नारायण मंडल और सुनील हांसदा शामिल हैं।
सभी घायलों को तत्काल शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कई जवानों को बेहतर इलाज के लिए दुमका सदर अस्पताल रेफर किया गया।
प्रशासन ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलने पर डीडीसी सह प्रभारी उपायुक्त अनिकेत सचान और सिविल सर्जन सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल जवानों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीडीसी सह प्रभारी उपायुक्त अनिकेत सचान ने बताया कि कोल माइंस के लिए आयोजित ग्रामसभा के दौरान हंगामा हुआ और पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया। घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।


