Bhabhua News: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब की तस्करी पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पा रही है। कैमूर जिले में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ट्रकों से 7 हजार लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की है। शराब की बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में दो चालकों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
टायर और जीरा की बोरियों के नीचे छिपाई थी शराब
जानकारी के अनुसार, शराब की यह खेप पंजाब से बिहार लाई जा रही थी। तस्करों ने जांच टीम को चकमा देने के लिए ट्रकों में ऊपर से साइकिल के टायर और जीरे की बोरियां लाद रखी थीं। इनके नीचे शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। बाहर से देखने पर ट्रक सामान्य माल से लदे हुए दिखाई दे रहे थे।
मोहनियां स्थित समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध ट्रकों की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान टायर और जीरे की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। शराब मिलने के बाद विभाग ने दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया।
बोतलों के बैच नंबर मिटाने की कोशिश
उत्पाद विभाग के अनुसार, तस्करों ने शराब की पहचान और उसके स्रोत से जुड़े सुराग छिपाने के लिए बोतलों पर दर्ज बैच नंबर मिटाने की भी कोशिश की थी। इससे जांच एजेंसियों को शराब की सप्लाई और तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल में एक और महत्वपूर्ण सुराग मिला है।उत्पाद विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि पंजाब से लाई गई शराब बिहार में कहां पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
दो चालक गिरफ्तार, पूछताछ जारी
कार्रवाई के दौरान दोनों ट्रकों के चालकों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
उत्पाद इंस्पेक्टर संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए मोहनियां की समेकित जांच चौकी पर लगातार वाहनों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में संदिग्ध ट्रकों की तलाशी के दौरान 7 हजार लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद हुई है। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
फिलहाल उत्पाद विभाग शराब की खेप के स्रोत और संभावित सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रहा है। अधिकारियों के मुताबिक जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।



