Patna News: जिले के बाढ़ अनुमंडल में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। हादसा बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सबनीमा गांव के पास फोरलेन पर सुबह करीब पांच बजे हुआ। शादी समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो की तेज रफ्तार ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, सिकंदरा गांव से बारात बख्तियारपुर आई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद कुछ लोग स्कॉर्पियो से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जगन्नाथ पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान धीरज कुमार (26), पूनम कुमारी (27), बबली कुमारी (18) और रेणु कुमारी (20) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि पूनम दूल्हे की चचेरी बहन थी और सिकंदरा गांव की रहने वाली थी। वह शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान हादसे में उसकी जान चली गई।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
हादसे में जान गंवाने वाले धीरज कुमार के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। धीरज की मां ने बताया कि उनका बेटा पेशेवर चालक नहीं था। वह पढ़ाई कर रहा था और हाल ही में उसने करीब 30 हजार रुपये की किताबें मंगाई थीं। शादी समारोह में स्कॉर्पियो चलाने के लिए उसे बुलाया गया था। धीरज परिवार का इकलौता बेटा था और बाढ़ के अकबरपुर गांव का निवासी था।
स्कॉर्पियो में सवार थे 10 से 12 लोग
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
सहायक अवर निरीक्षक अंजनी कुमार के अनुसार, स्कॉर्पियो में करीब 10 से 12 लोग सवार थे। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक घायल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल छह लोगों में से कुछ की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार बख्तियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शादी की खुशियां मातम में बदलने से मृतकों के गांवों में शोक का माहौल है।


