Jharkhand News: झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों और पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सरायकेला-खरसावां जिले में संयुक्त अभियान के दौरान कुल 22 लाख रुपये के इनामी तीन कुख्यात माओवादियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार नक्सलियों में 15 लाख रुपये का इनामी रीजनल कमेटी सदस्य मदन महतो उर्फ शंकर, पांच लाख रुपये का इनामी स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार तथा उसकी पत्नी दो लाख रुपये की इनामी मीना शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक AK-47 राइफल, एक पिस्टल और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।
पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि पांच लाख रुपये का इनामी नक्सली रवि सिंह सरदार कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव में एक व्यक्ति के घर ठहरा हुआ है। सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर व्यापक ‘कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन’ शुरू किया। तलाशी अभियान के दौरान रवि सरदार को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद रवि सरदार से पूछताछ की गई। पूछताछ में मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर पुलिस ने चांडिल थाना क्षेत्र के कांदेरबेड़ा स्थित बुंगरून उर्फ गोपी पहाड़िया के मकान में छापेमारी की। इस कार्रवाई में 15 लाख रुपये का इनामी माओवादी मदन महतो उर्फ शंकर और दो लाख रुपये की इनामी मीना को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार मदन महतो पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सालबनी थाना क्षेत्र के करमसोल गांव का रहने वाला है और संगठन में रीजनल कमेटी सदस्य के पद पर सक्रिय था। वहीं मीना पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र के आमकोचा गांव की निवासी है और लंबे समय से माओवादी गतिविधियों में शामिल थी।
गिरफ्तार नक्सलियों के पास से बरामद AK-47 राइफल और पिस्टल को पुलिस ने जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नक्सली संगठन के लिए बड़ा झटका साबित होगी। बरामद हथियारों और अन्य सामान की जांच की जा रही है ताकि संगठन के नेटवर्क और गतिविधियों से जुड़े अन्य सुराग मिल सकें।
पुलिस ने बताया कि इलाके में माओवादी दस्ते के अन्य सदस्यों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए सघन तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षा बल जंगलों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार अभियान चला रहे हैं ताकि फरार नक्सलियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि झारखंड में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।


