Palamu News: झारखंड के पलामू जिले में मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) परिसर में मंगलवार को एक बेहद संवेदनशील और विचलित करने वाली घटना सामने आई। अस्पताल परिसर में एक आवारा कुत्ता नवजात शिशु का शव लेकर घूमता दिखाई दिया। इस दृश्य के सामने आने के बाद अस्पताल में मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया।
युवक ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे एक युवक की नजर अचानक नवजात का शव लेकर घूम रहे कुत्ते पर पड़ी। यह दृश्य देखकर वह हैरान रह गया। उसने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

घटना के बाद लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा कि नवजात का शव किसका है और कुत्ता उसे कहां से लेकर आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल पुलिस चौकी और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की।
DC और SP ने अस्पताल पहुंचकर की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी सदर एसडीओ संजय पांडे के साथ अस्पताल पहुंचे। अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट डॉ. अजय कुमार, डॉ. आरके रंजन और शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार समेत अन्य अधिकारी भी जांच में शामिल हुए।
अधिकारियों ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। साथ ही, कुत्ते की गतिविधियों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। प्रशासन ने नवजात के शव का पता लगाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का निर्देश दिया।
डॉग स्क्वायड की ली जा रही मदद
उपायुक्त ने घटना को दुखद और शर्मनाक बताते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के लिए डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि नवजात का शव कहां से आया और अस्पताल परिसर तक कैसे पहुंचा।
इसके अलावा, आसपास के अस्पतालों की भी जांच करने की बात कही गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नवजात की पहचान और शव के स्रोत का पता लगाना चुनौती
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अस्पताल कर्मियों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है। नवजात की पहचान और शव के अस्पताल परिसर तक पहुंचने की परिस्थितियों का पता लगाना जांच का प्रमुख हिस्सा है।
समाचार लिखे जाने तक नवजात का शव बरामद करने और घटना के पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने में सफलता नहीं मिली थी। मामले की जांच जारी है।



