Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची से पटना जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए जन सुराज पार्टी के डिजिटल मीडिया मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव मंगलवार को बरामद किया गया। उनका शव रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवादाग के पास झाड़ियों में मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी मच गई। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक देवपालिक गुप्ता उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के रहने वाले थे और उनकी उम्र 31 वर्ष बताई गई है। जानकारी के अनुसार, वह 26 अक्टूबर को अपने साथियों के साथ रांची से पटना जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे। यात्रा के दौरान दोपहर करीब तीन बजे मुरी स्टेशन से पहले वह ट्रेन की पेंट्री कार की ओर गए थे। इसके बाद वह अचानक लापता हो गए। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल पाया था।

लापता होने के बाद आरपीएफ और जीआरपी में की गई थी शिकायत
देवपालिक गुप्ता के अचानक गायब होने के बाद उनके परिजनों और साथियों ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) तथा राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) से शिकायत की थी। युवक का सुराग नहीं मिलने पर परिजनों और साथियों ने शुरुआती कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए थे। मामला गंभीर होने के बाद अनगड़ा थाना पुलिस ने भी उनकी तलाश में सक्रियता बढ़ाई थी।
अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम रजवार ने देवपालिक गुप्ता का पता बताने या उन्हें ढूंढने में मदद करने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की थी। इसके बावजूद उनके लापता होने की गुत्थी नहीं सुलझ सकी। मंगलवार को बरवादाग के पास झाड़ियों में शव मिलने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया।
हत्या या दुर्घटना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
शव मिलने की सूचना पर अनगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि देवपालिक गुप्ता की मौत किसी दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है।
फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का आधिकारिक खुलासा हो सकेगा। जन सुराज पार्टी के डिजिटल मीडिया मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है।


