सीवान।
नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह प्रेमिका के घरवालो ने उत्तर प्रदेश के एक प्रेमी पत्रकार पर तेल डालकर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यह देखकर उसे बचाने पहुंची प्रेमिका भी झुलस गई। दोनो का इलाज चल रहा है। प्रेमी की हालत काफी नाजुक बतायी जा रही है। घटना को अंजाम देने के बाद प्रेमिका के परिजन घर से फरार हो गए है। वहीं पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
घायल प्रेमी की पहचान यूपी के जालौन जिले के उरई निवासी रामू के रूप में की गई है। उसके पास से यूपी जनसंपर्क विभाग का प्रेस कार्ड मिला है। जानकारी अनुसार रामू का प्रेम प्रसंग दो वर्षो से नगर थाना क्षेत्र निवासी एक युवती से चल रहा था। वह अक्सर अपनी प्रेमिका से मिलने आता था, जिससे परिजन काफी नाराज थे। एक दिन पूर्व भी रामू अपनी प्रेमिका से मिलने आया था। शुक्रवार की सुबह किसी बात को लेकर प्रेमिका के परिजनो के साथ उसका विवाद हो गया। इस पर परिजनो ने उस पर तेल डालकर आग लगा दी। प्रेमी को जलते देख उसे बचाने पहुंची प्रेमिका भी झुलस गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनो को अस्पताल में भर्ती कराया है। एसडीपीओ जीतेंद्र पांडेय ने दोषियो पर कार्रवाई का आदेश थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार को दिया।


