Giridih News: जिले में गुरुवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। धनवार थाना से महज 200 मीटर की दुरी पर धनवार बाजार स्थित यूको बैंक की शाखा में पांच हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर बैंककर्मियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने बैंक के लॉकर में रखे करीब 3 से 4 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और लगभग 10 से 12 लाख रुपये नकद लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी फरार हो गए।
20 मिनट तक बैंक में मचाया उत्पात
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12:44 बजे पांच हथियारबंद अपराधी धनवार बाजार के चमड़ा गोदाम स्थित यूको बैंक में दाखिल हुए। अपराधियों ने बैंक में मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया। एक अपराधी ने बैंक मैनेजर पर पिस्तौल तान दी, जबकि अन्य अपराधियों ने सभी को बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने बैंककर्मियों के हाथ बांध दिए और मुंह पर टेप चिपका दिया। बंदूक की नोक पर बैंक मैनेजर से लॉकर खुलवाया गया। अपराधियों ने लॉकर में रखे सोने के जेवरात और नकदी समेट ली। पूरी वारदात करीब 20 मिनट तक चली।
बैंक का गेट बंद कर फरार हुए अपराधी
लूटपाट करने के बाद अपराधियों ने बैंक के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा दिया और मौके से फरार हो गए। उनके जाने के बाद बैंक के अंदर फंसे कर्मचारियों और ग्राहकों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। स्थानीय लोगों ने बैंक का ताला खोलकर सभी को बाहर निकाला।
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस बैंककर्मियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
अपराधियों ने दिनदहाड़े हथियार के बल पर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद धनवार बाजार के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए जेवरात व नकदी की बरामदगी के लिए छापेमारी में जुटी है। लूटी गई संपत्ति का अंतिम आकलन किया जा रहा है।


