Bokaro News: झारखंड के बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल में गुरुवार की अहले सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। घटना सीसीएल के कथारा क्षेत्र अंतर्गत कथारा कोलियरी के पांच नंबर पुराने कोयला स्टॉक में हुई। बताया जाता है कि सभी लोग कोयला चुनने के लिए वहां पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक कोयले का विशाल ढेर धंस गया और उसकी चपेट में नौ लोग आ गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए कथारा क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान मंडई टोला निवासी पुष्पा देवी (पति गल्लू रजवार), पारटांड़ निवासी कौशल्या देवी (पति विश्वनाथ यादव उर्फ मुंडला यादव) और बाबूराम टोला निवासी सहोदरी देवी (पति हीरालाल यादव) के रूप में हुई है। सुबह करीब चार बजे चिकित्सकों ने तीनों की मौत की पुष्टि की। इसके बाद परिजन और ग्रामीण शवों को लेकर अपने घर चले गए।
वहीं, हादसे में घायल छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें पांच लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि एक घायल का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
घटना की जानकारी मिलते ही सीसीएल प्रबंधन के पीओ रंजीत कुमार, एसओ सेफ्टी आरके वर्णवाल समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रबंधन की ओर से पेलोडर मशीन लगाकर धंसे हुए कोयले के मलबे को हटाया गया। इसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया गया।
कथारा ओपी प्रभारी राहुल राम ने हादसे में तीन महिलाओं की मौत और छह लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। वहीं, डीएसपी रविंद्र सिंह ने बताया कि कोयला चुनने के दौरान कोयले का मलबा धंसने से यह हादसा हुआ। घायलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
फिलहाल स्थानीय प्रशासन और सीसीएल प्रबंधन हादसे के कारणों की जांच में जुटे हैं। पुराने कोयला स्टॉक में सुरक्षा व्यवस्था और संभावित लापरवाही के पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।


