Siwan News: जिले में अपराधियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जीबी नगर थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर बुधवार की रात बदमाशों ने 25 वर्षीय दुकानदार नदीम अंसारी पर कथित तौर पर पे/ट्रोल छिड़ककर जला/कर मार डाला। आरोपितों ने वारदात के बाद दुकान में बाहर से ताला लगा दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान जीबी नगर थाना क्षेत्र के अलावल टोला निवासी जलील अंसारी के पुत्र नदीम अंसारी (25) के रूप में हुई है। वह थाने के ठीक सामने अपनी दुकान चलाता था। परिजनों के अनुसार, बुधवार की रात नदीम रोज की तरह दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान कुछ युवक दुकान पर पहुंचे और सामान खरीदा। जब नदीम ने उनसे सामान के पैसे मांगे तो विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक बाजार से पे/ट्रोल खरीदकर ले आया। इसके बाद सभी आरोपितों ने नदीम को दुकान के अंदर पकड़ लिया और उसके शरीर पर पे/ट्रोल छिड़ककर आ/ग लगा दी। नदीम को बाहर निकलने से रोकने के लिए आरोपितों ने दुकान का दरवाजा बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए।
कुछ देर बाद दुकान से आग की ऊंची लपटें उठती देखकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आग बुझाने के बाद दुकान का ताला और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां से नदीम का ज/ला हुआ शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
आक्रोशित लोगों ने सीवान-पटना मुख्य मार्ग पर तरवारा पुल के समीप शव रखकर सड़क जाम कर दिया
पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सीवान-पटना मुख्य मार्ग पर तरवारा पुल के समीप शव रखकर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान प्रदर्शन और आगजनी भी की गई। ग्रामीण आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और वरीय पुलिस अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर इतनी बड़ी घटना हो जाना सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति को दर्शाता है। करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने के बाद सदर एसडीओ आशुतोष गुप्ता और सदर-1 एसडीपीओ प्रांजल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया। फिलहाल इस जघन्य वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव और शोक का माहौल है। पुलिस के सामने अब आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने की चुनौती है।


