New Delhi News: गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया हत्याकांड में दोषी बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। अदालत ने उनकी समय से पहले हुई रिहाई को रद्द कर दिया है। साथ ही उन्हें एक महीने के भीतर संबंधित अदालत या जेल प्रशासन के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद आनंद मोहन को दोबारा जेल जाना होगा।
न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति शील नागू की पीठ ने गुरुवार को मामले की सुनवाई करते हुए बिहार सरकार की वर्ष 2023 में संशोधित की गई कैदी रिहाई नीति पर गंभीर सवाल उठाए। अदालत ने कहा कि सरकार ने बिना किसी स्पष्ट उद्देश्य और ठोस कारण के अचानक नीति में बदलाव किया। राज्य सरकार यह साबित करने में भी विफल रही कि इस संशोधन के पीछे कोई उचित और वैध सार्वजनिक उद्देश्य था।

पीठ ने टिप्पणी की कि सार्वजनिक सेवक की हत्या के दोषी को समय से पहले रिहाई का लाभ देने के लिए नियमों में किया गया बदलाव संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 की कसौटी पर खरा नहीं उतरता। अदालत ने इस संशोधन को असंवैधानिक ठहराते हुए आनंद मोहन की रिहाई के आदेश को निरस्त कर दिया।
1994 में हुई थी जिलाधिकारी की हत्या
मामला वर्ष 1994 का है। उस समय गोपालगंज के जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की भीड़ ने हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में आनंद मोहन को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। करीब 14 वर्ष जेल में रहने के बाद बिहार सरकार की संशोधित रिहाई नीति के तहत उन्हें 24 अप्रैल 2023 को जेल से रिहा कर दिया गया था।
इस फैसले को चुनौती देते हुए दिवंगत जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। उन्होंने सरकार के रिहाई संबंधी फैसले पर सवाल उठाते हुए न्याय की मांग की थी।
पीड़ित परिवार के अधिकारों को भी दी अहमियत
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान स्पष्ट किया कि संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार केवल दोषी व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें पीड़ित और उसके परिवार के अधिकार भी शामिल हैं। अदालत ने कहा कि न्याय व्यवस्था में दोषी और पीड़ित दोनों के अधिकारों के बीच उचित संतुलन बनाए रखना आवश्यक है।
हालांकि, पीठ ने बिहार सरकार को यह छूट दी है कि वह उमा कृष्णैया को अपनी बात रखने का पूरा अवसर देने के बाद कानून के अनुसार सजा में छूट की प्रक्रिया नए सिरे से शुरू कर सकती है। इस फैसले को बिहार सरकार की कैदी रिहाई नीति और न्यायिक प्रक्रिया के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


