Ranchi News: झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को भी सदन के बाहर विपक्ष का जोरदार हंगामा देखने को मिला। भाजपा और आजसू के विधायकों ने राज्य के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया और हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विपक्ष ने पत्रकार की गिरफ्तारी, विधवाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों को पेंशन नहीं मिलने तथा महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, विधायक डॉ. नीरा यादव समेत विपक्ष के अन्य विधायकों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। विपक्ष ने नाबालिग से जुड़े यौन शोषण के मामले को उजागर करने वाले पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी को संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ बताया।

सरकार पर माहौल बनाने के लिए विशेष सत्र बुलाने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में लूट का एक तंत्र बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने एमएमडीआर संशोधन विधेयक का जिक्र करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर सरकार जनता के सामने सही तस्वीर पेश नहीं कर रही है और लोगों को गुमराह किया जा रहा है।
मरांडी ने कहा कि राज्य में छात्रों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, जिन पर चर्चा करने के लिए सरकार को विशेष सत्र बुलाना चाहिए था। लेकिन सरकार ने अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने और माहौल बनाने के उद्देश्य से विशेष सत्र बुलाया है।
उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में अराजकता जैसी स्थिति बन रही है। एक गंभीर मामले के आरोपित को बचाने के लिए पुलिस ने मामले को उजागर करने वाले पत्रकार को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने पत्रकार की गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया।
आदिवासियों के अधिकार कुचलने का आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने भी राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि झारखंड में आदिवासियों के हक और अधिकारों को कुचलने की कोशिश की जा रही है। सरकार योजनाएं बंद होने की बात कहकर लोगों को गुमराह कर रही है।
चंपई सोरेन ने आरोप लगाया कि राज्य के लोगों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित किया जा रहा है। विपक्ष ने कहा कि सरकार को जनता की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
कई जनहित के मुद्दों पर विपक्ष ने उठाई आवाज
विधानसभा के बाहर हुए प्रदर्शन में विपक्ष ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, महिला सुरक्षा, छात्रों की समस्याओं और आदिवासी अधिकारों को प्रमुखता से उठाया। भाजपा और आजसू विधायकों ने सरकार से इन मुद्दों पर जवाब देने की मांग की।
विशेष सत्र के दूसरे दिन विपक्ष के प्रदर्शन से झारखंड की राजनीति में एक बार फिर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव देखने को मिला।


