Giridih News: जिले के शाली पंचायत अंतर्गत भोलापुर गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आा है । यहां एक पिता पर अपने बेटे को कथित तौर पर विश्वास में लेकर अपनी कथित प्रेमिका से उसकी शादी कराने और बाद में विवाद बढ़ने पर देशी कट्टे से बेटे पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। घटना के बाद घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, वारदात के बाद आरोपी पिता के फरार होने की बात सामने आई है।
ग्रामीणों के अनुसार, भोलापुर निवासी मदिश अंसारी ने कथित तौर पर अपने बेटे सिराज अंसारी को विश्वास में लेकर एक युवती से उसकी शादी कराई थी। आरोप है कि शादी के समय सिराज को युवती और उसके पिता के बीच कथित संबंधों की जानकारी नहीं थी। शादी के बाद परिवार में विवाद बढ़ने लगा। धीरे-धीरे पिता और बहू के कथित संबंधों को लेकर गांव में चर्चा होने लगी।
सिराज को इस बात की भनक तक नहीं थी कि जिस लड़की से उसकी शादी कराई जा रही है, वह असल में उसके पिता की प्रेमिका है। पिता ने बड़े ही शातिराना ढंग से अपनी प्रेमिका को अपने घर में बहू बनाकर एंट्री दिला दी।ससुर और बहू के अवैध संबंधों का खुलासा शादी के बाद जैसे-जैसे दिन बीतते गए, घर के भीतर का काला सच सामने आने लगा। ससुर मदिश अंसारी और उसकी बहू (जो उसकी प्रेमिका थी) के बीच के गैर-संबंधों की चर्चा धीरे-धीरे बाहर आने लगी। आखिरकार, पीड़ित बेटे सिराज अंसारी को भी अपनी पत्नी और पिता के इस घिनौने रिश्ते की भनक लग गई।
तीन-चार बार हुई पंचायत, नहीं सुलझा विवाद
विवाद बढ़ने के बाद मामले को सामाजिक स्तर पर सुलझाने का प्रयास किया गया। बताया जाता है कि शाली पंचायत के मुखिया, भोलापुर गांव के सदर, सेक्रेटरी और अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में तीन से चार बार बैठक हुई। इन बैठकों में दोनों पक्षों को समझाने और पारिवारिक विवाद खत्म करने का प्रयास किया गया। हालांकि, विवाद का समाधान नहीं हो सका।
तलाक के बाद घर लौटते ही हमला
बताया जाता है कि पिता और पत्नी के कथित संबंधों से परेशान सिराज अंसारी ने अपनी पत्नी को तलाक दे दिया। इसके बाद वह शाम के समय घर लौटा। आरोप है कि इसी दौरान उसके पिता मदिश अंसारी ने उस पर देशी कट्टे से हमला कर दिया।
हमले में सिराज गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
आरोपी पिता की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद आरोपी पिता के मौके से फरार होने की बात कही जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के वास्तविक कारण, हमले में इस्तेमाल हथियार और पारिवारिक विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल मामले में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और प्राथमिकी में दर्ज धाराओं की पूरी जानकारी सामने आना बाकी है। इसके बाद ही घटना की कानूनी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


