Chhapra News: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नैनी गांव में ढाई साल पुराने प्रेम प्रसंग और प्रेम विवाह को लेकर चली आ रही रंजिश में हिंसक वारदात सामने आई है। आरोप है कि प्रेमिका के भाई ने घर में घुसकर प्रेमी के बड़े भाई की गोली मारकर ह’त्या कर दी। वहीं, उसके पिता पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना में 35 वर्षीय आलोक कुमार सिंह की मौत हो गई, जबकि उनके 58 वर्षीय पिता जितेंद्र सिंह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
ढाई साल पहले प्रेम विवाह के बाद शुरू हुई थी रंजिश

मिली जानकारी के अनुसार, नैनी गांव निवासी अभिषेक कुमार का करीब ढाई वर्ष पहले गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बाद में दोनों ने घर से भागकर शादी कर ली थी। इस विवाह से युवती के परिजन नाराज थे। बताया जाता है कि इसी विवाद के बाद अभिषेक का परिवार गांव छोड़कर बाहर रहने लगा था। हालांकि, दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश बनी हुई थी।
शादी समारोह में शामिल होने आए थे पिता-पुत्र
बताया जाता है कि गुरुवार को अभिषेक के बड़े भाई आलोक कुमार सिंह अपने पिता जितेंद्र सिंह के साथ गांव में एक पड़ोसी के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान कथित रूप से युवती का भाई घर में घुस आया और आलोक पर गोली चला दी। इसके बाद उसने उनके पिता जितेंद्र सिंह पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। परिजन आनन-फानन में दोनों घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने आलोक कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल जितेंद्र सिंह का इलाज जारी है।
प्रेम विवाह की रंजिश को माना जा रहा घटना का कारण
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात के पीछे करीब ढाई वर्ष पहले हुआ प्रेम विवाह और उससे जुड़ी पुरानी रंजिश वजह बताई जा रही है।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक घटना के सभी पहलुओं और हमलावर की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस जांच के बाद ही वारदात की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी। घटना के बाद नैनी गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।


