Saran News: जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत साधनापुरी इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। बीती रात एक दंपत्ति ने आपसी कलह से परेशान होकर तीन मंजिला इमारत की छत से छलांग लगा दी। इस घटना में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई है।
मृतक की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के पटेढा गांव निवासी पिंटू सिंह के रूप में की गई है। वहीं उनकी पत्नी प्रिया सिंह, जो भेल्दी थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं, का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, यह दंपत्ति साधनापुरी स्थित एक किराए के मकान में रह रहा था। आसपास के लोगों का कहना है कि दोनों के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। बीती रात भी किसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गंभीर झगड़े में बदल गई। इसी दौरान आवेश में आकर दोनों ने छत से छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर के पीछे झाड़ियों में गिरे दोनों को बाहर निकालकर तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने पिंटू सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रिया सिंह का इलाज जारी है।
नगर थाना अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस आसपास के लोगों और मकान मालिक से भी पूछताछ कर रही है, ताकि विवाद के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग स्तब्ध हैं।


