Koderma News: राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन में युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन माय भारत के तत्वावधान में ‘विकसित भारत यूथ कनेक्ट’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘खेलो इंडिया डायलॉग–खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को खेल, स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के वर्चुअल स्वागत भाषण से हुआ। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी वर्चुअल माध्यम से प्रसारित किया गया। प्रधानमंत्री ने युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें विभिन्न खेलों से जुड़ने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलों के माध्यम से देश के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी का महाविद्यालय की ओर से सम्मान किया गया। निदेशक मनीष कपसिमे ने उन्हें पौधा, सचिव अविनाश कुमार सेठ ने स्मृति चिह्न और बीएड प्रशिक्षु अनिशा कुमारी ने अंगवस्त्र भेंट किया। विशिष्ट अतिथि अशोक तूरी का स्वागत प्राचार्य डॉ. मोहित कुमार तिवारी ने पौधा, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर किया।
अपने संबोधन में अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा या पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी साधन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ‘खेलो इंडिया’ जैसी योजनाओं के माध्यम से प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए नए अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें बेहतर अवसर, उचित मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना जरूरी है। खेल के क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी देश को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
इस अवसर पर बीएड प्रशिक्षु समीना प्रवीण ने उपस्थित युवाओं एवं सदस्यों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का मंच संचालन संजीत कुमार ने किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला नोडल पदाधिकारी सौरभ शर्मा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराने और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 में भाग लेने के लिए युवाओं से अपील की। कार्यक्रम में बीएड सत्र 2025-27 के प्रशिक्षु, महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे।


