पत्नी का शव सोमवार सुबह मिला था, 72 घंटे बाद बुधवार को बरामद हुआ पति का शव; दो साल की मासूम बच्ची हुई अनाथ
Siwan News: जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के पोखरा गांव में पति-पत्नी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रेम प्रसंग को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान पत्नी घर के पास स्थित छठ घाट के तालाब में कूद गई। उसे बचाने के लिए पति भी पानी में उतर गया, लेकिन गहरे पानी में डूबने से दोनों की जान चली गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। दंपती की दो साल की मासूम बच्ची के सिर से माता-पिता का साया उठ गया।

मृतकों की पहचान पोखरा गांव निवासी विश्वनाथ साह के 28 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार साह और उनकी 25 वर्षीय पत्नी सुगंधा देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया है।
पति के प्रेम प्रसंग को लेकर हुआ था विवाद
स्थानीय जानकारी के अनुसार, विशाल कुमार साह का गांव की ही एक महिला से कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था। रविवार रात करीब नौ बजे वह महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था। वहां परिजनों के साथ विवाद होने की बात सामने आई है। इस दौरान किसी ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाद शांत कराया और अगले दिन थाने में आवेदन देने की बात कहकर लौट गई।
बताया जाता है कि घर लौटने के बाद इसी मुद्दे को लेकर विशाल और सुगंधा के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान सुगंधा घर से कुछ दूरी पर स्थित तालाब में कूद गई। पत्नी को बचाने के लिए विशाल भी तालाब में उतर गया, लेकिन दोनों गहरे पानी में डूब गए।
सोमवार को मिला पत्नी का शव, पति की तलाश जारी रही
सोमवार सुबह तालाब से सुगंधा का शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर महाराजगंज थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। तलाशी के दौरान विशाल के कपड़े भी मिले, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई।
मंगलवार को एसडीआरएफ की टीम ने तालाब में घंटों अभियान चलाया, लेकिन विशाल का पता नहीं चल सका। बाद में एनडीआरएफ की टीम ने भी तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
बुधवार सुबह मिला विशाल का शव
बुधवार सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों ने तालाब में विशाल का शव उपलाते देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया।
इधर, सुगंधा के मायके पक्ष ने विशाल पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना की वास्तविक परिस्थितियों और मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस अनुसंधान के बाद ही हो सकेगी। इस घटना के बाद पोखरा गांव में शोक का माहौल है। दो साल की बच्ची के माता-पिता की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।



