Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची के मुरी ओपी क्षेत्र के सिल्ली में 17 वर्षीय नाबालिग से व दरिंदगी व ह/त्या किए जाने के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मारदू गांव निवासी भागवत महतो उर्फ भगवान दास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपित की निशानदेही पर मोबाइल फोन और कपड़े बरामद किए गए हैं। मामले में र पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
मेला देखकर लौटने के बाद लापता हुई थी युवती
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 18 अक्टूबर की रात युवती मेला देखकर घर लौट रही थी, लेकिन वह घर नहीं पहुंची। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में छापरगढ़ा स्थित जंगल से उसका शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया।

गला दबाकर मारने का आरोप
पुलिस का आरोप है कि मेला से लौटने के दौरान भागवत महतो ने युवती को रास्ते में रोककर उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को जंगल में फेंक दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया।
एसआईटी ने दो दिनों में आरोपित को पकड़ा
डीएसपी मनीष चंद्रलाल ने बुधवार को बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो दिनों के भीतर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने पुलिस को बताया कि उसने फोन करके युवती को बुलाया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मोबाइल फोन और कपड़े बरामद किए हैं।
जांच के दौरान पुलिस केंद्र रांची की स्निफर डॉग टीम और एफएसएल मोबाइल वैन की भी मदद ली गई। पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने में लगी है।
इलाके में आक्रोश, पुलिस जांच जारी
घटना के बाद सिल्ली क्षेत्र में लोगों के बीच आक्रोश देखा गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है और जांच के तहत उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


