Jharkhand News: झारखंड की राजधानी रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। रिम्स के एमबीबीएस सेकंड ईयर के छात्र अक्षित कुजूर ने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद रिम्स परिसर में शोक और तनाव का माहौल है।
मृतक छात्र की पहचान अक्षित कुजूर के रूप में हुई है, जो झारखंड के सिमडेगा जिले का निवासी था। वह रिम्स के हॉस्टल नंबर-8 के एचआईजी ब्लॉक में रहकर एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस के अनुसार शनिवार को उसने अपने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या का प्रयास किया। एमबीबीएस 2024 बैच के सेकेंड ईयर के छात्र अक्षित कुजूर मेडिकल की पढ़ाई के साथ-साथ जूनियर डॉक्टर के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहा था।
बताया जा रहा है कि समय रहते हॉस्टल के अन्य छात्रों और प्रबंधन को घटना की जानकारी मिल गई। इसके बाद हॉस्टल कर्मचारियों और छात्रों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा और अक्षित को नीचे उतारा। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलने के बाद बरियातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि छात्र के आत्महत्या करने की सूचना मिलने के बाद कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल छात्र के कमरे की तलाशी नहीं ली गई है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
पुलिस ने छात्र के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। शुरुआती जांच में आत्महत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्र किसी मानसिक तनाव, पढ़ाई के दबाव या अन्य निजी कारणों से परेशान था या नहीं।
इस घटना ने मेडिकल छात्रों और रिम्स प्रशासन को झकझोर कर रख दिया है। छात्र की अचानक मौत से साथी छात्रों में भी गहरा दुख और सदमा है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।


