Bihar News: डेहरी ऑन सोन रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने मध्य प्रदेश के सिंगरौली में हुई बैंक डकैती के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी उस समय हुई जब आरोपी ट्रेन के जरिए भागने की कोशिश कर रहा था।
मामला Bank of Maharashtra की सिंगरौली शाखा में शुक्रवार को हुई सनसनीखेज डकैती से जुड़ा है, जहां बदमाशों ने नगदी और भारी मात्रा में सोने के आभूषण लूट लिए थे।गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के ग्वाल बिगहा निवासी कमलेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 15 लाख 22 हजार रुपये नगद और करीब 61.77 ग्राम सोने के गहने बरामद किए हैं।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, आरोपी सिंगरौली-पटना एक्सप्रेस ट्रेन से भाग रहा था। नबीनगर रेलवे स्टेशन पर जांच के दौरान उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उससे पूछताछ की गई। शुरुआत में उसने खुद को अपनी मां के इलाज के लिए पटना जाने वाला यात्री बताया, लेकिन जब उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें भारी मात्रा में नकदी और सोना मिला।
इसके बाद उसे डेहरी आरपीएफ पोस्ट लाकर सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर बैंक में डकैती की थी। पुलिस के अनुसार, पांच बदमाशों ने मिलकर करीब 20 लाख रुपये नगद और लगभग 15 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लूटे थे। घटना के बाद सभी आरोपी अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए थे।
इस मामले की जानकारी मिलते ही सिंगरौली पुलिस और आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। फिलहाल फरार चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, कमलेश कुमार पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उस पर मोटरसाइकिल चोरी समेत कई संगीन मामलों के आरोप हैं और वह पहले जेल भी जा चुका है।
फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।


