Koderma News: तिलैया थाना क्षेत्र की तिलैया बस्ती से दो नाबालिग चचेरी बहनों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों छात्राएं गुरुवार दोपहर घर से कोचिंग जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिवार के लोगों ने तिलैया थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी और दोनों छात्राओं की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई। इधर पुलिस को जांच में अहम सुराग हाथ लगा है। साथ ही दोनों को वापस लाने के लिए पुलिस निकल चुकी है।
लापता छात्राओं में एक मनोज साव की 15 वर्षीय बेटी है, जबकि दूसरी उनके भाई रवि साव की 14 वर्षीय बेटी है। दोनों आपस में चचेरी बहनें हैं। परिजनों के अनुसार, गुरुवार 5 नवंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे दोनों रोज की तरह कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकली थीं।
देर शाम तक घर नहीं लौटीं तो बढ़ी चिंता
परिजनों को उम्मीद थी कि दोनों छात्राएं कोचिंग से पढ़ाई कर निर्धारित समय पर घर लौट आएंगी। लेकिन काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वे वापस नहीं पहुंचीं तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ने लगी। इसके बाद परिजनों ने पहले कोचिंग सेंटर में संपर्क कर दोनों के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की। आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां भी उनकी तलाश की गई, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली।लगातार खोजबीन के बावजूद दोनों का पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस से मदद मांगी। घटना के बाद दोनों परिवारों में चिंता और बेचैनी का माहौल है।
स्कूल में हुए छात्राओं के प्रदर्शन से भी जुड़ रही चर्चा
इस मामले में एक अन्य पहलू भी चर्चा में है। बताया जा रहा है कि लापता छात्राओं में से एक सीडी बालिका मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय की छात्रा है। हाल ही में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक शशिभूषण सिंह के निलंबन के विरोध में छात्राओं ने प्रदर्शन किया था। चर्चा है कि लापता छात्राओं में से एक इस प्रदर्शन में शामिल थी। हालांकि, विद्यालय में हुए प्रदर्शन और दोनों छात्राओं के लापता होने के बीच किसी तरह का संबंध होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस पहलू को लेकर भी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच कर रही है।
आवेदन में रीना देवी (42 वर्ष), पति मनोज साव, निवासी तिलैया बस्ती वार्ड नंबर-दो ने बताया कि पांच नवंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे उनकी बेटी सलोनी कुमारी (15 वर्ष), जो दसवीं कक्षा की छात्रा है, गोतनी की बेटी रागिनी कुमारी (14 वर्ष), पिता रवि साव के साथ प्रतिदिन की तरह कोचिंग क्लास जाने के लिए घर से निकली थी। लेकिन देर शाम तक दोनों घर वापस नहीं लौटीं।इसके बाद परिजनों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों बच्चियों की काफी खोजबीन की। रिश्तेदारों के यहां भी संपर्क कर उनके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया, लेकिन अब तक दोनों का कोई पता नहीं चल पाया है।
पुलिस ने शुरू की तलाश, विभिन्न पहलुओं पर जांच
परिजनों की लिखित शिकायत मिलने के बाद तिलैया थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों नाबालिग छात्राओं की तलाश में जुटी है। उनके घर से निकलने के बाद संभावित रास्तों, संपर्कों और अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल दोनों छात्राओं के लापता होने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजन उनकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस का प्रयास है कि जल्द से जल्द दोनों का पता लगाया जा सके।


