दुमका।
जरमुंडी थाना क्षेत्र के कुरुवा टोला के नीचे बहियार में रविवार को एक 38 वर्षीय महिला का शव पेड़ से लटकता मिला है। मृतक महिला की पहचान थाना क्षेत्र के चरकापाथर गांव निवासी मरकी देवी (38) के रूप में की गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। मामले में पति नकुल मांझी के बयान पर यूडी केस दर्ज की गई है। शव मिलने की खबर के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना को लेकर परिजनों ने बताया कि मरकी देवी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसका इलाज चल रहा था। शनिवार को ही वह घर से लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी वह नहीं मिली। रविवार की सुबह उसकी शव पेड़ पर रस्सी के सहारे झूलती मिली। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

