दिल्ली से पटना और आसपास के जिलों के लिए त्योहारों के दौरान सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने खास तोहफा दिया है। दीपावली और छठ के मौके पर दिल्ली से पटना के बीच वंदेभारत स्पेशल एक्सप्रेस और तेजस सुपरफास्ट फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया गया है। इसके साथ ही बरौनी और जयनगर के लिए भी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।
“30 अक्टूबर से दौड़ेगी वंदेभारत स्पेशल”
वंदेभारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 02252/02251) 30 अक्टूबर से दिल्ली से पटना के बीच चलाई जाएगी। यह ट्रेन नई दिल्ली से सुबह 8:25 बजे चलकर शाम 8:00 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में यह 31 अक्टूबर से पटना से सुबह 7:30 बजे खुलेगी और शाम 7:00 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
“पटना-नई दिल्ली तेजस सुपरफास्ट: 29 अक्टूबर से स्पेशल सफर”
तेजस सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 02248/02247) 29 अक्टूबर से पटना और दिल्ली के बीच चलेगी। दिल्ली से खुलने वाली यह ट्रेन सुबह 8:25 बजे रवाना होगी और उसी दिन रात 8:30 बजे पटना पहुंचेगी। पटना से वापसी के लिए यह ट्रेन 30 अक्टूबर से सुबह 7:30 बजे रवाना होगी और रात 7:35 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
“बरौनी और जयनगर के लिए भी विशेष ट्रेन”
नई दिल्ली से बरौनी (ट्रेन नंबर 04054/04053) और जयनगर (ट्रेन नंबर 04052/04051) के लिए भी 27 अक्टूबर से स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को त्योहारों के दौरान आसानी से सफर करने का मौका मिलेगा। त्योहारों के इस मौसम में रेलवे की इन विशेष ट्रेनों से यात्रियों को समय की बचत और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा


