Ranchi News: राजधानी रांची में महिलाओं को निशाना बनाकर लगातार चेन छिनतई की वारदातों को अंजाम देने वाले कथित कोढ़ा गैंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को ओरमांझी थाना क्षेत्र के चुट्टू गांव के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गैंग का कथित सरगना रंगीला पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। मौके से उसके दो अन्य साथियों को भी पकड़ा गया है।
नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा ने बताया कि रांची में लगातार हो रही चेन छिनतई की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को गिरोह से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले थे। इसके बाद विशेष टीम गठित कर संदिग्ध अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य रिंग रोड से सटे चुट्टू इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपितों में अफरा-तफरी मच गई और वे भागने की कोशिश करने लगे।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान रंगीला ने एक पुलिसकर्मी की सर्विस पिस्टल छीन ली और वहां से भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। आरोप है कि पीछा किए जाने के दौरान रंगीला ने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद वह मौके पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ के दौरान गिरोह के दो अन्य सदस्यों ने भी भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। तीनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि गिरफ्तार आरोपित रांची के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चेन छिनतई की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि गिरोह के सदस्यों ने लालपुर, बरियातू और डोरंडा सहित शहर के कई इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाया है।
पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर हथियार, 10 से अधिक कथित लूटी गई सोने की चेन और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि छिनतई के बाद सोने की चेन और अन्य सामान किन लोगों के माध्यम से बेचे जाते थे।
गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और कथित रूप से लूट का सामान खरीदने वालों की पहचान के लिए पुलिस पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच आगे बढ़ने के साथ गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और आरोपितों के बारे में भी जानकारी सामने आ सकती है।
इस खबर को भी पढ़ें : रांची के होटल में पुलिस की छापेमारी, दे/ह व्यापार का खुलासा,छह से अधिक युवतियां पकड़ी गईं, कई युवक हिरासत में


