Ranchi News: राजधानी रांची में होटल और बार की आड़ में चल रही संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर शनिवार देर रात कोतवाली और लालपुर क्षेत्र में पुलिस की विशेष टीमों ने छह से अधिक होटल और बार में छापेमारी की। इस दौरान कचहरी चौक के समीप स्थित कोरिंथिया सूट्स एंड हॉस्पिटैलिटी में कथित देह व्यापार से जुड़ी गतिविधियों का खुलासा हुआ।
पुलिस ने होटल के अलग-अलग कमरों से छह से अधिक युवतियों को पकड़ा है। वहीं, कई युवकों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार होटल में कमरा बुक कर संदिग्ध गतिविधियां संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने अचानक होटल में दबिश दी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल के रिसेप्शन से लेकर कमरों तक की जांच की। साथ ही वहां ठहरे लोगों और कमरों की बुकिंग से संबंधित रिकॉर्ड भी खंगाला गया। पुलिस को कार्रवाई के दौरान कुछ अहम साक्ष्य मिलने की बात कही जा रही है।
मौके से बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान को भी पुलिस ने जांच के दायरे में लिया है। इन उपकरणों और दस्तावेजों की जांच के जरिए पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवतियों को होटल तक कौन पहुंचाता था, ग्राहकों से संपर्क किस माध्यम से किया जाता था और पैसों का लेन-देन किस तरीके से होता था।
पुलिस को इस पूरे मामले में कथित दलालों की भूमिका की भी आशंका है। अधिकारियों का मानना है कि मोबाइल और होटल रिकॉर्ड की जांच से पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कोतवाली निखिल राय ने रविवार को बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। होटल के दस्तावेज, कमरों की बुकिंग और मोबाइल फोन से मिलने वाली जानकारी के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस ने सिर्फ एक होटल तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी। लालपुर इलाके के कई बार और अन्य संदिग्ध स्थानों की भी जांच की गई। यहां मिले संदिग्ध युवक-युवतियों से पूछताछ की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य होटल और बार की आड़ में चल रही अवैध एवं संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे नेटवर्क में शामिल लोगों और उनकी भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।


