बेगूसराय।
विधानसभा चुनाव को लेकर चौकस पुलिस को रविवार की सुबह एक बड़ी सफलता हाथ लगी। गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने बलिया थाना के लखमिनिया स्टेशन के पास से तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके पास से आठ पिस्टल और 16 मैगजीन सहित ₹ 1.9 लाख रुपए बरामद किए गए। गिरफ्तार किए गए हथियार तस्करों से पुलिस पूछताछ कर गिरोह के उद्भेदन की तैयारी में जुटी है। एसपी अवकाश कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि मुंगेर से तीन हथियार तस्कर बलिया थाना क्षेत्र के लखमिनिया रेलवे स्टेशन के समीप हथियार सप्लाई करने के लिए आने वाले हैं। इन के द्वारा एक दूसरे गिरोह को हथियार सौंपी जानी थी। सूचना पर एसटीएफ व स्थानीय पुलिस को छापेमारी कर अपराधियों को पकड़ने के निर्देश दिए गए थे।
गिरफ्तार किए गए तस्करों में मोहम्मद मुकीम, कमल शर्मा व रमेश मांझी मुंगेर निवासी के नाम शामिल हैं। वही पुलिस को एक अन्य सफलता भगवानपुर थाना क्षेत्र में मिली। जहां देर रात कई थानों के पुलिस द्वारा एक साथ चलाए गए छापेमारी अभियान के दौरान जोकिया गांव से चार हथियार, 9 जिंदा कारतूस एवं एक चोरी की बाइक के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अपराधी से पुलिस पूछताछ कर रही है।


