Bhojpur News: बिहार के भोजपुर जिले में दोहरे ह’त्याकांड की सनसनीखेज घटना सामने आई है। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव में मंगलवार की देर रात एक बुजुर्ग महिला और उसके छोटे बेटे की धारदार हथियार से बेरहमी से ह’त्या कर दी गई। बुधवार की अहले सुबह घर के अंदर दोनों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतका के बड़े बेटे और बहू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे संपत्ति विवाद की आशंका जताई जा रही है।
मृतकों की पहचान तेंदुनी गांव निवासी विश्वामित्र सिंह की 60 वर्षीय पत्नी रामवती कुंवर और 30 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों के गर्दन, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। घटनास्थल से पुलिस ने एक हथौड़ी भी बरामद की है। आशंका है कि वारदात के दौरान इसका भी इस्तेमाल किया गया होगा।

घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार और जगदीशपुर थानाध्यक्ष आशीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतका के बड़े बेटे दिनेश कुमार और उसकी पत्नी शांति देवी को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि दिनेश के एक हाथ पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस इस चोट के कारणों की भी जांच कर रही है।
पूछताछ में दिनेश कुमार ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की रात करीब डेढ़ बजे आठ नकाबपोश अपराधी घर में घुस आए थे। उस समय उसकी मां और छोटा भाई कमरे में सो रहे थे। अपराधियों ने दोनों पर हमला कर दिया। मां और भाई को बचाने के प्रयास में उसके हाथ में चोट लग गई। हालांकि, पुलिस उसके बयान की सत्यता की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में बाहरी अपराधी शामिल थे या इसके पीछे कोई पारिवारिक विवाद है।
फिलहाल पुलिस ह’त्या के कारणों, इस्तेमाल किए गए हथियार और संभावित आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है। संपत्ति विवाद समेत अन्य पहलुओं पर भी अनुसंधान जारी है। इस घटना के बाद तेंदुनी गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण इस दोहरे ह’त्याकांड से स्तब्ध हैं।


