छपरा।
जिले के सहजितपुर थाना क्षेत्र के सिसई गांव के एक झोपड़ी में आग लगने से एक वृद्ध व्यक्ति की जलकर मौत हो गई। वृद्ध अकेले झोपड़ी में सो रहा था। घटना सोमवार रात की है। इस घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह तब हुई जब कुछ लोग सिसई नाहर बांध पर गए थे। मृतक की पहचान गांव के हरि किशोर महतो (62) के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।
जानकारी अनुसार गांव से कुछ दूरी पर बांध पर मवेशियों को रखने के लिए झोपड़ी नुमा खटाल बनाया गया था। रात में हरि किशोर महतो वहां अकेले सोने चले गए थे। परिजनों को आशंका है कि ठंड के कारण अलाव तापने के क्रम में झोपड़ी में आग लग गई और जलकर वृद्ध की मौत हो गई। घटना की सूचना पर वहां पुलिस पहुंची और छानबीन में जुट गई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम छाया हुआ है।

