Patna News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। यह उनका चौथा कार्यकाल होगा और वे वर्ष 2028 तक इस पद पर बने रहेंगे। पार्टी की ओर से इसकी औपचारिक घोषणा मंगलवार दोपहर 2:30 बजे की जाएगी, जिसके बाद उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा जाएगा।
जदयू के निर्वाचन अधिकारी अनिल हेगड़े द्वारा उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इस पद के लिए केवल नीतीश कुमार ने ही नामांकन दाखिल किया था, जिसके कारण पूरी चुनाव प्रक्रिया महज औपचारिकता बनकर रह गई।
पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने जानकारी दी कि नीतीश कुमार ने 19 मार्च को दिल्ली स्थित जदयू के राष्ट्रीय कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया था। नामांकन पत्र दो सेटों में चुनाव अधिकारी को सौंपा गया था। नाम वापसी की अंतिम तिथि मंगलवार सुबह 11 बजे तक निर्धारित थी, लेकिन किसी अन्य नेता ने इस पद के लिए दावेदारी पेश नहीं की।
गौरतलब है कि जदयू में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर यह चुनाव पूरी तरह निर्विरोध रहा, जिससे नीतीश कुमार का चयन पहले से ही तय माना जा रहा था। पार्टी में नेतृत्व को लेकर लगातार हो रहे बदलावों के बीच उनका दोबारा अध्यक्ष बनना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इतिहास पर नजर डालें तो नीतीश कुमार पहली बार वर्ष 2016 में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे, जब शरद यादव ने पद छोड़ा था। इसके बाद 2019 में उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी गई। हालांकि, 2020 में उन्होंने पद छोड़कर आरसीपी सिंह को अध्यक्ष बनाया था।
बाद में ललन सिंह ने पार्टी की कमान संभाली, लेकिन दिसंबर 2023 में उनके इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने फिर से नेतृत्व अपने हाथ में ले लिया। अब एक बार फिर वे संगठन की कमान संभालते हुए पार्टी को आगे बढ़ाने की भूमिका में नजर आएंगे


