Patna News: जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश कार्यालय में रविवार को पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के छात्र एवं युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी नेता निशांत कुमार ने युवाओं से बातचीत की और एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के पक्ष में एकजुट होकर चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम में मौजूद छात्र-युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
निशांत कुमार ने कहा कि नीरज कुमार पार्टी के समर्पित और अनुभवी नेता हैं। उन्होंने कहा कि नीरज कुमार की समाजवादी विचारधारा के प्रति लंबे समय से प्रतिबद्धता रही है और वे लगातार अपने क्षेत्र की जनसमस्याओं तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं। ऐसे में युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे पूरी एकजुटता के साथ उनके समर्थन में चुनाव प्रचार करें और जीत सुनिश्चित करने में अपनी भूमिका निभाएं।

संवाद के दौरान निशांत ने बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों के दौरान शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2005 में बिहार में 10 राजकीय विश्वविद्यालय थे, जिनकी संख्या 2025 तक बढ़कर 21 हो गई। इसी तरह राज्य की साक्षरता दर 47.53 प्रतिशत से बढ़कर 79.70 प्रतिशत होने की बात कही गई।
उन्होंने महिलाओं की शिक्षा में हुए विस्तार का भी उल्लेख किया। निशांत के अनुसार, वर्ष 2001 में बिहार में महिलाओं की साक्षरता दर 33.57 प्रतिशत थी, जो बढ़कर 73.91 प्रतिशत हो गई है।निशांत कुमार ने कहा कि राज्य में सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या दो से बढ़कर 38, पॉलिटेक्निक संस्थानों की संख्या 13 से बढ़कर 46 और आईटीआई की संख्या 23 से बढ़कर 152 हुई है। इसके अलावा चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान और जननायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों की स्थापना का भी उन्होंने उल्लेख किया।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलाव और सरकार की उपलब्धियों को मतदाताओं तक पहुंचाएं। निशांत ने कहा कि प्रत्येक वोट सरकार के पिछले कार्यकाल और भविष्य की प्राथमिकताओं के प्रति जनता के समर्थन का संदेश देगा।
कार्यक्रम में बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी एवं पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पटना सहित सभी आठ शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया गया।


