Katihar News: कटिहार के चर्चित नंदन यादव हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कटिहार पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने मामले के मुख्य नामजद आरोपी संजय कुमार यादव उर्फ डिपो (38) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को चांदपुर स्थित बहियार से पकड़ा। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी कटिहार के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम में सदर-02 के एसडीपीओ, पोठिया थानाध्यक्ष और एसटीएफ के अधिकारी व जवान शामिल थे। पुलिस टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया। इसके बाद शनिवार, 03 अक्टूबर को चांदपुर बहियार में घेराबंदी कर संजय कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।

मचान पर सो रहे नंदन को मारी गई थी गोली
मामला 16 सितंबर 2026 की अहले सुबह का है। पुलिस के अनुसार, पोठिया थाना क्षेत्र के चांदपुर वार्ड संख्या-01 निवासी नंदन यादव रात में खाना खाने के बाद घर के बाहर बने मचान पर सोए हुए थे। करीब सुबह पांच बजे गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
मृतक की पत्नी रंभा देवी के अनुसार, आवाज सुनकर वह बाहर निकलीं तो नंदन यादव मचान पर गंभीर हालत में पड़े थे। उनके सिर में गोली लगी थी और काफी खून बह रहा था। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान उन्होंने संजय कुमार यादव को हाथ में पिस्टल लिए अरुण यादव और नूतन देवी के साथ वहां से भागते देखा।
घटना के बाद मृतक की पत्नी के बयान पर कड़वा थाना में कांड संख्या 239/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की।
जमीन विवाद को बताया गया हत्या का कारण
प्राथमिकी के अनुसार, नंदन यादव और संजय कुमार यादव के बीच पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते संजय यादव कथित तौर पर नंदन को जान से मारने की धमकी देता था। पुलिस अब हत्या के पीछे के पूरे घटनाक्रम और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
मुख्य नामजद आरोपी की गिरफ्तारी और हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।


