Hazaribag News:- जिले में पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए फोर लेन के पास स्थित कई होटलों में देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। छापेमारी में युवक-युवतियों को रंगे हाथ पकड़ा गया है। फिलहाल सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची–पटना मार्ग पर हजारीबाग के फोर लेन के किनारे कुछ होटलों में लंबे समय से अवैध देह व्यापार का धंधा चल रहा है। सूचना के आधार पर एसपी ने एक विशेष टीम का गठन किया और ताबड़तोड़ छापेमारी की योजना बनाई।
पुलिस ने जिन होटलों में छापा मारा, उनमें होटल रेस्टोरेंट 7 डेज, होटल रुक्मणी, होटल 2 ईंट, होटल स्पाइसी, होटल सिद्धिविनायक और होटल रेस्टोरेंट वर्णिका शामिल हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस को कई युवक और युवतियां आपत्तिजनक हालत में मिले, जिन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
हिरासत में लिए गए लोगों से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संचालकों तक पहुंचा जा सके। पुलिस का मानना है कि इस धंधे में संगठित गिरोह शामिल हो सकता है। वहीं, होटलों के संचालकों पर भी सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है
देह व्यापार का भंडाफोड़ होने के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है। लोग हैरान हैं कि इतने बड़े पैमाने पर यह कारोबार फोर लेन जैसे व्यस्त मार्ग पर हो रहा था और लंबे समय तक इसकी भनक नहीं लगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।


