Kishanganj News: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस, एएनटीएफ किशनगंज, विशेष कार्य बल और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने गलगलिया थाना क्षेत्र के हाथीडुबा गांव में छापेमारी कर 455 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद ब्राउन शुगर की कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, दो मैगजीन और डिजिटल वजन मशीन भी बरामद हुई है। मंगलवार को जारी पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 28 सितंबर को एसएसबी की 41वीं वाहिनी रानीडांगा को सूचना मिली थी कि गलगलिया थाना क्षेत्र के हाथीडुबा गांव निवासी मदन मोहन पासवान अपने घर से अवैध मादक पदार्थ की तस्करी कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसका सत्यापन कराया। जानकारी की पुष्टि होने पर एसडीपीओ-2 किशनगंज मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम का गठन कर छापेमारी की गई।
संयुक्त टीम ने एएनटीएफ, विशेष कार्य बल, एसएसबी और गलगलिया थाना पुलिस के साथ हाथीडुबा गांव स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान रामजपो पासवान, पिता स्वर्गीय राम गुलाम पासवान और उसके पुत्र मदन मोहन पासवान को गिरफ्तार किया गया। दोनों इसी गांव के रहने वाले हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 455 ग्राम ब्राउन शुगर, एक पिस्टल, दो मैगजीन और एक डिजिटल वजन मशीन बरामद की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री में अपनी संलिप्तता के संबंध में जानकारी दी है।
अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही बरामद मादक पदार्थ के स्रोत और इसकी आपूर्ति से जुड़े आगे के नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। पुलिस तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति की भी जांच करेगी और नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
मामले में गलगलिया थाना कांड संख्या 96/26, दिनांक 28 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


