Jamshedpur News: जिले के गोलमुरी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह अपराधियों ने केनरा बैंक में दिनदहाड़े डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। रेनकोट पहनकर बैंक में घुसे करीब पांच से छह हथियारबंद अपराधियों ने बैंककर्मियों और सुरक्षा गार्ड को बंधक बना लिया। इसके बाद चेस्ट से 42 लाख रुपये से अधिक नकदी और लॉकर में रखे बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घटना सुबह करीब 9:15 बजे की बताई जा रही है। बैंक खुल चुका था और परिसर में सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान रेनकोट पहने अपराधी हथियारों के साथ बैंक के अंदर दाखिल हुए। उन्होंने हथियार दिखाकर बैंक कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया।
बैंक के सुरक्षा गार्ड संतोष कुमार ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि अपराधियों ने विरोध करने पर गार्ड के साथ मारपीट की और बंदूक की बट से उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद अपराधियों ने बैंक मैनेजर अजीत कुमार को हथियार के बल पर अपने साथ लिया और चेस्ट रूम तक पहुंच गए।
अपराधियों ने गन प्वाइंट पर मैनेजर से बैंक का चेस्ट खुलवाया। चेस्ट खुलते ही बदमाशों ने उसमें रखी 42 लाख रुपये से अधिक की नकदी अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद बैंक के लॉकर में रखे सोने के आभूषण भी लूट लिए। लूटे गए स्वर्णाभूषणों की कुल कीमत का आकलन पुलिस और बैंक अधिकारी कर रहे हैं।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर बैंक से फरार हो गए। भागते समय उनकी गतिविधियां बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गईं। पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।
बैंक डकैती की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, डीएसपी सुमित कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने बैंक परिसर का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से घटना की जानकारी ली। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में वाहन जांच और सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अपराधियों ने बैंक की रेकी पहले से की थी या नहीं और वारदात में स्थानीय स्तर पर किसी ने उनकी मदद की थी।


