Khuntinews: जिले के सायको थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतरजिला बाइक चोरी और उसकी खरीद-बिक्री करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। आरोपितों के पास से चोरी की 19 बाइक, एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप, आठ मोबाइल फोन और दो मास्टर चाबी बरामद की गई हैं।
खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चोरी की बाइक को फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेचने वाले गिरोह के कुछ सदस्य इलाके में एकत्र हुए हैं। सूचना की पुष्टि के बाद एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
विशेष टीम ने सायको और अड़की थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुरुदयाल मुंडा उर्फ पनसउ मुंडा (26), इसरायल पूर्ति (24), मनमसीह पूर्ति उर्फ डेरो (19), मसीह मुंडा (19), मोहन लोहार (32), एतवा मुंडा (19), समराय होरो (26) और जयराम मुंडा उर्फ जावरा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य विभिन्न स्थानों से बाइक चोरी करने के बाद उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाते थे। इसके बाद चोरी की बाइक को खरीदारों के बीच बेचने की कोशिश की जाती थी। पुलिस अब बरामद 19 बाइकों के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है।
जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद बाइक किन-किन जिलों और थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। पुलिस इनके वास्तविक मालिकों की पहचान करने के साथ-साथ गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की घटनाओं से जुड़े नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।
मामले को लेकर सायको थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
छापेमारी टीम में एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा के अलावा खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, सायको थाना प्रभारी प्रभात रंजन पाण्डेय, अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी, मारंगहादा थाना प्रभारी जुगेश सिंह, कुचाई थाना प्रभारी रविन्द्र मुंडा, एसआई मुकेश कुमार और मंटु कुमार समेत सायको थाना सैट बल के जवान शामिल थे।


