पटना।
पूर्णिया के आईजी विनोद कुमार की शनिवार की देर रात पटना एम्स में इलाज के दौरान कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। आईजी विनोद कुमार को शनिवार की सुबह 3:00 बजे एम्स में भर्ती किया गया था। वे डायबिटीज से भी पीड़ित थे। इलाज के दौरान उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। 59 वर्षीय विनोद कुमार 20 अगस्त 2019 को पूर्णिया रेंज के आईजी बनाए गए थे। उनका अंतिम संस्कार पटना में किया जाएगा। उनकी मृत्यु की जानकारी के बाद पूर्णिया से उनका परिवार पटना पहुॅच चुका है। बिहार में पहली बार पुलिस विभाग के किसी बड़े अधिकारी की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। उल्लेखनीय हो कि बिहार में अब तक कोरोना संक्रमण के 203060 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें 10,000 फिलहाल एक्टिव मरीज हैं। वही 990 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।


