मास्को ।
एससीओ के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने चार दिवसीय दौरे पर रूस गए भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरुवार को उज्बेकिस्तान के समकक्ष मंत्री अब्दुल अजीज कैमिलो से मास्को में मुलाकात की। दोनों ने क्षेत्रीय मुद्दों पर सहयोग देने पर सहमति जताई। ट्वीट कर विदेश मंत्री जयशंकर ने इसे सौहार्दपूर्ण मुलाकात बताते हुए कहा कि क्षेत्रीय सहयोग को और आगे लेकर जाएंगे। भारत और उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्रियों के बीच साझा हितों और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने को लेकर बात हुई। मध्य एशिया में उज्बेकिस्तान की भूमिका काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। इसके अलावा एससीओ से इतर विदेश मंत्री जयशंकर ने रूसी समकक्ष सरगेई लावरोव से मुलाकात कर रणनीतिक संबंधों पर भी चर्चा की।



