नारदीगंज में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त छापेमारी, एक आरोपी गिरफ्तार; दूसरा फरार
Nawada News: बिहार के नवादा जिले में अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। नारदीगंज थाना क्षेत्र के बनगंगा गांव में छापेमारी कर पुलिस ने एक मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। मौके से भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने वाली मशीनें, विभिन्न उपकरण और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका पुत्र मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
पुलिस के अनुसार, अवैध हथियार निर्माण की गुप्त सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने बनगंगा गांव निवासी दिलीप विश्वकर्मा और उसके पिता विनेश विश्वकर्मा उर्फ बिंदी मिस्त्री के घर पर छापेमारी की।
इस कार्रवाई का नेतृत्व डीएसपी राहुल सिंह, नारदीगंज थानाध्यक्ष राजेश कुमार और एसटीएफ के एसआई दिवाकर कुमार ने पुलिस बल के साथ किया। तलाशी के दौरान घर में हथियार बनाने से संबंधित कई मशीनें और उपकरण मिले। इसके बाद पुलिस ने मौके से सभी संदिग्ध सामानों को जब्त कर लिया।
हथियार बनाने के सांचे और मशीनें बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने ग्राइंडर मशीन, वेल्डिंग मशीन, पिलर ड्रिल मशीन और बेंच वाइस सहित कई उपकरण बरामद किए। इसके अलावा देसी कट्टा बनाने के 15 सांचे, हथियारों की नलियां, अर्धनिर्मित बॉडी और बट भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने मौके से .32 बोर के तीन छोटे कारतूस और 8 एमएम केएफ का एक बड़ा जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। बरामद सामान से आशंका जताई जा रही है कि यहां अवैध रूप से हथियार तैयार किए जा रहे थे।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा आरोपी मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही, बरामद हथियारों और उपकरणों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध हथियार निर्माण का काम कब से चल रहा था और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस कार्रवाई को जिले में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।


