Dhanbad News: भूली मोड़ पर हुए फहीम खान के भाई समेत तीन लोगों पर हुई फायरिंग के मामले में बुघवार देर रात धनबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वारदात में शामिल चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बुधवार देर रात ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ भी हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो अपराधी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि भूली मोड़ गोलीकांड में शामिल अपराधी ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस ने संदिग्धों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
अपराधियों की ओर से फायरिंग होने के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में दो अपराधियों को गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने मौके से चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।
मुठभेड़ में घायल आरोपितों की पहचान चंदन ठाकुर और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, भूली मोड़ पर हुई फायरिंग में चंदन ठाकुर की मुख्य शूटर के तौर पर भूमिका सामने आई है। वहीं प्रिंस कुमार पर वारदात के दौरान बाइक चलाने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि घटना के दौरान करीब आठ राउंड फायरिंग की गई थी।
मुठभेड़ के दौरान चंदन ठाकुर के पैर और कमर में गोली लगी। दूसरे घायल आरोपित को भी इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों घायलों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान फायरिंग की वजह, वारदात की पूरी योजना, हथियार उपलब्ध कराने वाले लोगों और अपराधियों के नेटवर्क से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गोलीकांड में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
भूली मोड़ पर फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा और गश्त बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


