पटना।
छह दिनों से लापता मसौढ़ी के कृषि पदाधिकारी अजय कुमार का शव रविवार को गौरीचक थाना के साहब नगर के दरधा नदी के किनारे से बरामद किया गया। वे पिछले 18 जनवरी से लापता थे। अपराधियों ने कृषि पदाधिकारी की हत्या कर लाश जमीन में गाड़ दी थी। शव बरामदगी की सूचना पर कई थानों की पुलिस वहां पहुंचे। पटना सिटी के एसपी ने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने शव को पटना के कंकड़बाग थाना लाया गया। लापता कृषि पदाधिकारी के परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में गोलू नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी अनुसार कंकड़बाग इलाके के रहने वाले कृषि पदाधिकारी गत सोमवार को अपने कार्यालय के लिए घर से निकले थे,पर वे न तो मसौढ़ी पहुंचे और न ही शाम तक लौट कर घर आए। उनके परिजन शाम से रात भर उनके मोबाइल पर कॉल करते रहे, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। दूसरे दिन से उनका मोबाइल ऑफ हो गया था। परिवार वालों ने गोलू नाम के शख्स पर शक जताई थी। उसका कृषि पदाधिकारी का घर आना-जाना था। कृषि पदाधिकारी को घटना के दिन गोलू अपनी कार में बैठाकर ले गया था। उसके बाद उसी दिन कृषि पदाधिकारी की हत्या कर दी।
इधर कृषि पदाधिकारी की पत्नी पूनम सिंह ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि घटना के दिन से ही उनका मोबाइल बंद था। जांच में मोबाइल की आखिरी लोकेशन मसौढ़ी प्रखंड से करीब 1 किलोमीटर दूर शर्मा गांव में मिली थी, लेकिन पुलिस उन्हें जीवित तलाश करने में विफल रही।


