Jharkhand News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक दर्दनाक हादसे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कोबरा बटालियन के एक जवान की मौत हो गई। मृतक जवान की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों के बीच शोक की लहर फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सारंडा जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बल लगातार नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी अभियान के तहत मंगलवार देर रात जवान बाबू डेरा कैंप के पास तैनात थे। तभी अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। देखते ही देखते हालात बिगड़ गए और तेज हवाओं के कारण एक विशाल पेड़ उखड़कर गिर पड़ा।
दुर्भाग्यवश, पेड़ की चपेट में कोबरा बटालियन के जवान राकेश कुमार आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद उनके साथियों ने बहादुरी और तत्परता दिखाते हुए उन्हें बाहर निकाला और मौके पर प्राथमिक उपचार दिया। उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट करने का निर्णय लिया गया।
बुधवार तड़के हेलीकॉप्टर के जरिए राकेश कुमार को रांची लाया गया और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
सीआरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि सारंडा जैसे घने और संवेदनशील इलाकों में अभियान चलाना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहता है। खराब मौसम ने स्थिति को और भी मुश्किल बना दिया, लेकिन इसके बावजूद नक्सल विरोधी अभियान जारी रहेगा। सुरक्षा बल हर परिस्थिति में अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
शहीद जवान राकेश कुमार का पार्थिव शरीर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव बिहार के औरंगाबाद भेजा जा रहा है। उनके परिवार और साथियों के लिए यह एक बड़ी क्षति है। देश ने एक बहादुर सपूत को खो दिया है, जिसने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।


