Bhagalpur News: भागलपुर के ईशाकचक थाना क्षेत्र में मिट्टी के नीचे दबे मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या और शव छिपाने में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, वारदात के पीछे पैसों के लेन-देन का विवाद सामने आया है।
सिटी एसपी अतुलेश झा ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ मानवीय सूचनाओं के आधार पर मामले की जांच की।
पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर 2026 को ईशाकचक थाना पुलिस को विक्रमशीला कॉलोनी के ग्राम बरहपुरा जगरनाथबली के पास एक स्थान से तेज दुर्गंध आने की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों ने नई मिट्टी भरी जगह के नीचे शव दबे होने की आशंका जताई थी। सूचना मिलने के बाद ईशाकचक थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और संदिग्ध स्थान की खुदाई कराई।
खुदाई के दौरान मिट्टी के अंदर से एक सड़ा-गला शव बरामद किया गया। एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। तत्काल शव की पहचान नहीं होने के कारण उसे मायागंज अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया। इसके बाद 23 सितंबर को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ ईशाकचक थाना कांड संख्या 209/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-01 और ईशाकचक थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. सलमान उर्फ फेकू और मो. सारिक उर्फ मोनू के रूप में हुई है।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद मृतक की पहचान मो. सलमान, निवासी इस्लामनगर, ईशाकचक के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में 19 सितंबर को सलमान की हत्या किए जाने का आरोप है। हत्या के बाद शव को सुनसान जगह पर मिट्टी में दबा दिया गया, ताकि घटना से जुड़े साक्ष्य छिपाए जा सकें। पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।


